प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में पात्रों को अपात्र घोषित करने का आरोप, जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग
देवरिया। नगर पंचायत सलेमपुर के हरैया वार्ड संख्या 5 और भरेली वार्ड संख्या 1 (दलित वार्ड) में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के पात्र लाभार्थियों को अपात्र घोषित किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार को सलेमपुर तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान वार्ड सभासदों एवं स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इन वार्डों के कई निवासी योजना के लिए पात्र होने के बावजूद हल्का लेखपाल की रिपोर्ट में अपात्र घोषित कर दिए गए। आरोप है कि इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों और सभासदों ने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना से वंचित किए जाने के कारण गरीब एवं जरूरतमंद परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से दूर हो रहे हैं।
प्रार्थना पत्र सौंपने वालों में हरिश्चंद्र (सभासद वार्ड नं. 1), सूर्यनारायण (सभासद वार्ड नं. 5), ललिता देवी, अंजू देवी, कंचन, चंद्रावती, कविता, पुष्पा, तारा देवी, पार्वती, मनोज, आरती, विजयरलक्ष्मी, नीलम एवं इन्द्रल प्रसाद सहित अन्य स्थानीय लोग शामिल रहे।
शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को शीघ्र आवास उपलब्ध हो सके।
























































Leave a comment