आजमगढ़: मारपीट में 90 वर्षीय वृद्ध की मौत, अतरौलिया पुलिस ने आरोपी को डंडे समेत किया गिरफ्तार
आजमगढ़, 1 मई। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट में 90 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है।
घटना 28 अप्रैल 2026 की है, जब वादिनी की तहरीर पर थाना अतरौलिया में मामला दर्ज किया गया। आरोप के मुताबिक, पवन कुमार ने पुरानी रंजिश के चलते वादिनी और उसके ससुर रामसिंगार मिश्रा (उम्र 90 वर्ष) के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
घटना में गंभीर रूप से घायल रामसिंगार मिश्रा की 29 अप्रैल 2026 को उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 105 बीएनएस की वृद्धि कर दी।
उपनिरीक्षक जफर अयूब के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 मई 2026 को सुबह करीब 5:30 बजे मुखबिर की सूचना पर महादेवपुर अंडरपास के पास से आरोपी पवन कुमार (22 वर्ष) निवासी भेलाडाड़, थाना अतरौलिया को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा ग्राम बिलारी स्थित ब्रह्मबाबा स्थान के पास झाड़ियों से बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में उ0नि0 जफर अयूब के साथ हे0का0 सन्त कुमार, का0 धन्नू यादव और का0 सुरेन्द्र यादव शामिल रहे।




















































Leave a comment