गंदगी देख भड़के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराज़गी
आजमगढ़। सगड़ी तहसील अंतर्गत महाराजगंज विकासखंड क्षेत्र के शिवपुर गांव स्थित प्राचीन बुढ़ऊ बाबा मंदिर में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पारसनाथ यादव ने औचक निरीक्षण किया। मंदिर परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और कूड़े के अंबार को देखकर उन्होंने गहरी नाराज़गी जताई और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान श्री यादव ने बताया कि उन्हें लगातार मंदिर परिसर की सफाई को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। दोपहर लगभग 3 बजे मंदिर पहुंचने पर जब उन्होंने स्थिति को स्वयं देखा, तो व्यवस्था की वास्तविकता सामने आ गई। उन्होंने मौके पर ही सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मिथिलेश राय को फोन कर बुलाया और जमकर फटकार लगाई।
तत्पश्चात विकासखंड अधिकारी आलोक कुमार एवं सहायक विकास अधिकारी मिथिलेश राय मंदिर पहुंचे और सफाई कर्मियों को तत्काल मौके पर तैनात कर साफ-सफाई का निर्देश दिया। अधिकारीद्वय ने लापरवाही बरतने पर सफाई कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठाए। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार सहायक विकास अधिकारी मिथिलेश राय एवं पंचायत सचिव रमेश सोनकर से सफाई की समस्या को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन कभी कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।
गौरतलब है कि शुक्रवार को सावन मास का आरम्भ हैं,ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ने की संभावना है। श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर की स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आने वाले दिनों में साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार नहीं दिखा, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ उच्चस्तरीय कार्यवाही की संस्तुति की जाएगी।


























































Leave a comment