खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग - ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि
- ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पुरस्कृत किए गए खिलाड़ी
कादीपुर (सुलतानपुर)। सृष्टि के शुरुआत से ही खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है। खेलकूद से तन मन तो बलवान बनता ही है सामाजिकता भी मजबूत होती है। समय समय पर खेलों को प्रोत्साहित करते रहना चाहिए। यह बातें चर्चित साहित्यकार व राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि ने कहीं।
वह रविवार देर शाम भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। मेरा युवा भारत ने जूनियर हाईस्कूल मैदान पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया था।
विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र पाठक ने कहा कि केंद्र और राज्य की वर्तमान सरकारें युवकों के विकास हेतु समर्पित हैं। अध्यक्षता करते हुए मेरा युवा भारत के जिला प्रभारी विनय मिश्र ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं का मार्गदर्शन किया।
स्वागत व आभार ज्ञापन आयोजक शिवम सिंह बनकेगांव तथा संचालन मैच रेफरी अभय सिंह ने किया। इस अवसर पर अवध विश्वविद्यालय के कबड्डी चयनकर्ता विशाल पाण्डेय, प्रदीप सिंह,एडवोकेट कमलेश राजवंत सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
खेल के दौरान कड़े मुकाबले में फैसल एंड कम्पनी टीम वालीबॉल विजेता व कादीपुर टीम उप विजेता घोषित हुई। कबड्डी में जटौली टीम विजेता और हमजापुर टीम उपविजेता रही। सोलह सौ मीटर दौड़ में राम अनुज प्रथम , राकेश निषाद द्वितीय व अभिषेक सिंह तृतीय स्थान पर रहे। चार सौ मीटर दौड़ में सचिन को पहला राकेश को दूसरा और शिवा को तीसरा स्थान हासिल हुआ।
मुख्य अतिथि ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि, विशिष्ट अतिथि भूपेन्द्र पाठक,विशाल पाण्डेय, कमलेश राजवंत व मेरा युवा भारत के अधिकारी विनय मिश्र ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल ,ट्राफी, टी-शर्ट आदि देकर सम्मानित किया।


















































Leave a comment