दुर्घटना के शिकार हुए युवक और किशोर,दो परिवारों में छाया मातम।एक की कार की चपेट में आने से थमी सांस तो दूसरे की पोखरे में डूबने से गई जान
आजमगढ़। जिले में अलग-अलग हादसों में एक युवक और एक किशोर की मौत से दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पवई थाना क्षेत्र में नीलगाय से टकराकर गंभीर रूप से घायल हुए 26 वर्षीय युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं मेंहनगर थाना क्षेत्र में पोखरे में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांवों में मातम पसरा हुआ है। पवई थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी विकास कुमार (26) पुत्र लालता प्रसाद मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे मैगना बाजार से सामान लेकर स्कूटी से घर लौट रहा था। मैगना बाजार-बिस्कुट फैन्ही के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ जाने से उसकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे शाहगंज स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर लक्षरामपुर स्थित निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार तड़के करीब 3:30 बजे उसकी मौत हो गई। विकास मैगना बाजार में कॉस्मेटिक की दुकान चलाता था। दूसरी घटना में मेंहनगर थाना क्षेत्र के रहिला तितिलियापार गांव में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे 15 वर्षीय अतुल कुमार पुत्र ओमप्रकाश की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि अतुल घर से करीब 100 मीटर दूर पोखरे पर गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला और निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। दोनों घटनाओं से परिवारों में कोहराम मचा है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया, जबकि गांवों में भी शोक की लहर दौड़ गई।




















































Leave a comment