ऑपरेशन वज्रपात: इंस्टाग्राम पर गैंग बनाकर घूमने वाले दो युवक चिन्हित, दो बाइक सीज
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना निजामाबाद पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने इंस्टाग्राम पर आईडी बनाकर झुंड में घूमने और दबंगई का माहौल बनाने वाले दो युवकों को चिन्हित किया।
पुलिस के अनुसार, Instagram ID “ahir__sandeep_6001” से जुड़े संदीप यादव पुत्र विद्यालय यादव, निवासी अरया, उम्र 21 वर्ष तथा Instagram ID “ramakant_yadav_azamgarh” से जुड़े रमाकान्त पुत्र शंकर यादव, निवासी अरया, उम्र 23 वर्ष को चिन्हित कर थाना परिसर बुलाया गया।
दोनों युवकों की काउंसलिंग करते हुए उन्हें कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के जिम्मेदाराना इस्तेमाल के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति भी दोनों को जागरूक किया। साथ ही उनके अभिभावकों को भी थाने बुलाकर युवकों की गतिविधियों पर नजर रखने और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रखने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस ने दोनों युवकों के विरुद्ध धारा 126/135/170 बीएनएस के तहत चालान की कार्रवाई की। इसके साथ ही उनके कब्जे से संबंधित दो मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति के खिलाफ सख्ती
निजामाबाद पुलिस ने युवाओं को चेतावनी दी कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ किया जाए। इंस्टाग्राम अथवा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गैंग संस्कृति, दबंगई, भय का माहौल या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें कानून का पालन करने तथा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।





















































Leave a comment