दरियापुर में छत के रास्ते घुसे चोर, दो घरों में लाखों के जेवरात व नकदी पर किया हाथ साफ
•परिवार बरामदे में सोता रहा, कमरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान ले गए चोर, पुलिस ने शुरू की जांच
दीदारगंज -आजमगढ़ दीदारगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोर छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए और कमरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, कपड़े समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। लाखो के चोरी
घटना की जानकारी होने पर परिजनों और गांव के लोगो में हड़कंप मच गया। सूचना पर दीदारगंज थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी डॉ. नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि गर्मी के कारण वह परिवार के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान रात में चोर पीछे की ओर से छत के रास्ते घर में दाखिल हो गए। चोरों ने कमरों में लगे तालों को हथौड़े से तोड़ दिया और अंदर रखे बक्से व अन्य सामान को खंगालकर आभूषण एवं कीमती सामान चोरी कर लिया।
नरेंद्र कुमार यादव के अनुसार चोर एक सोने की चेन, एक हार, एक जोड़ी कंगन, एक अंगूठी, एक जोड़ी झुमका, चांदी की दो जोड़ी पायल और एक करधन समेत कीमती फूल और पीतल के बर्तन, छह साड़ियां और एक बॉक्स अपने साथ ले गए। सुबह घर के अंदर सामान बिखरा मिलने पर चोरी की जानकारी हुई।
चोरों ने उसी रात पड़ोस में रहने वाले राजेश कुमार यादव के घर को भी निशाना बनाया। बताया गया कि चोर छत के रास्ते उनके घर में भी दाखिल हुए और एक बॉक्स, करीब 30 हजार रुपये नकद, सोने का एक कनफूल, नाक की कील, चांदी का मंगलसूत्र और दो जोड़ी पायल चोरी कर ले गए।
एक ही रात दो घरों में चोरी की घटना से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
दो घरों में चोरी की सूचना मिलते ही दीदारगंज थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव, एसआई अनिल सिंह, रमेश चंद्र यादव समेत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घरों का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
दीदारगंज थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि दो घरों में चोरी की घटना हुई है। मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
एक ही रात दो घरों में छत के रास्ते हुई चोरी ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है।






















































Leave a comment