चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली दो सुरक्षा कर्मी घायल ट्रैवलिंग बैग में भूलवश रखी थी पिस्टल
•कारतूस की जांच के दौरान हुआ फायर; पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़/वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर तैनात दो कर्मी घायल हो गए। दोनों को तत्काल हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी 50 वर्षीय पत्नी सुषमा राय के साथ मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके ट्रैवलिंग बैग में लाइसेंसी पिस्टल भूलवश रह गई थी। सुरक्षा जांच के दौरान बैग में पिस्टल मिलने के बाद उसकी जांच और कारतूसों की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से फायर हो गया। गोली लगने से गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सुरक्षा सहायक सुमन कुमारी के दोनों पैरों की जांघ में चोट लगी। वहीं नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर, रोहेड़ी रोड निवासी रोहित राज के बाएं हाथ के अंगूठे में गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, एसीपी पिंडरा-फूलपुर, थाना प्रभारी राजीव सिंह समेत पुलिस टीम एयरपोर्ट पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्री की लाइसेंसी पिस्टल उसके ट्रैवलिंग बैग में भूलवश रह गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सुरक्षा जांच के दौरान हथियार से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया में किसी स्तर पर चूक हुई या नहीं। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में एयरपोर्ट परिसर की स्थिति सामान्य रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















































Leave a comment