कपरवार आयुर्वेदिक अस्पताल, बजट-जमीन सब आवंटित फिर भी नहीं शुरू हुआ निर्माण कार्य
देवरिया।बरहज,सरकार की मंशा भले ही "हर गांव तक स्वास्थ्य सुविधा" पहुंचाने की हो, लेकिन बरहज तहसील के ग्राम सभा कपरवार में इसका जीता-जागता उदाहरण देखने को मिल रहा है। यहां आयुर्वेदिक अस्पताल के लिए जमीन चिन्हित हो चुकी है, सरकार से बजट भी आ चुका है और ठेकेदार को पैसा भी दे दिया गया है। इसके बावजूद 2 से ढाई साल बीत जाने के बाद भी ईंट तक नहीं रखी गई।
इस लापरवाही के खिलाफ पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं वर्तमान प्रधान पद प्रत्याशी अजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी देवरिया को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम सभा कपरवार तप्पा-कपरवार में आयुर्वेदिक अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि का चिन्हांकन पहले ही किया जा चुका है। इस मद में सरकार द्वारा धनराशि भी आवंटित की जा चुकी है। अस्पताल निर्माण के लिए ठेकेदार को भी पैसा दिया जा चुका है।
लेकिन प्रधान की उदासीनता और कुछ प्रभावशाली लोगों के हस्तक्षेप के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। ग्रामीणों को डर है कि अगर और देरी हुई तो यह अस्पताल किसी अन्य गांव में हस्तांतरित कर दिया जाएगा।
अजय कुमार मिश्र ने कहा कि कपरवार बरहज क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम सभाओं में से एक है। यहां की आबादी लगभग 20 से 30 हजार है। आसपास के दर्जनों गांव के लोग भी यहीं इलाज के लिए आते हैं। अस्पताल न बनने के कारण ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों के लिए भी बरहज या देवरिया की दौड़ लगानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा, "सरकार ने सुविधा दी, पैसा भी दिया, लेकिन जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन नहीं हो रहा। इससे आम जनता को परेशानी हो रही है।"
ग्रामीणों ने DM से मांग की है कि मामले की जांच कराकर कपरवार में ही आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों/प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।
ज्ञापन के साथ आवंटित भूमि की खतौनी और खाली जमीन की फोटो भी संलग्न की गई है।
ज्ञापन देने वालों में गांव के तमाम सम्मानित लोग उपस्थित रहे।

























































Leave a comment