Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी: 25 हजार का इनामी गैंगस्टर फैजान उर्फ नाटे गिरफ्तार

आजमगढ़, शनिवार। जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फूलपुर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी व गैंगस्टर एक्ट में वांछित बदमाश फैजान उर्फ नाटे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर गोकशी गैंग संचालित करने और अवैध असलहों के बल पर लोगों को धमकाने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार सुबह थाना प्रभारी सच्चिदानन्द की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दुर्वाषा पुल के पास घेराबंदी कर सुबह करीब 6:05 बजे आरोपी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त फैजान उर्फ नाटे (35 वर्ष), पुत्र मुहम्मद, निवासी मेहियापार थाना अहरौला है। उसके खिलाफ 20 जनवरी 2026 को डीएम की स्वीकृति से गैंगचार्ट तैयार कर थाना फूलपुर में मु0अ0सं0-19/2026 के तहत धारा 3(1), 2(ख)(17) गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर गोकशी का संगठित गिरोह चलाता था। गिरोह की सुरक्षा के लिए अवैध हथियार रखता था और विरोध करने वालों को धमकाकर फरार हो जाता था।
फैजान पर आजमगढ़ व अम्बेडकरनगर जनपद के विभिन्न थानों में कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता, चोरी, फर्जीवाड़ा व गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। अहरौला थाने में 4, कप्तानगंज में 1, जैतपुर (अम्बेडकरनगर) में 3 तथा फूलपुर में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। क्षेत्र में इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh