Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बिना अनुमति स्थापित अंबेडकर प्रतिमा हटाई गई, 23 लोगों पर कार्रवाई

आजमगढ़, 13 अप्रैल 2026। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम पट्टी गांव में ग्राम समाज की जमीन पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने का मामला सामने आया है। प्रशासन ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल को गांव में सार्वजनिक भूमि पर बिना प्रशासनिक अनुमति के प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन ने स्थानीय लोगों को बुलाकर प्रतिमा हटाने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण इसके लिए सहमत नहीं हुए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शासनादेश के अनुसार किसी भी सार्वजनिक स्थल या ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति मूर्ति स्थापित करना नियमों के विरुद्ध है। साथ ही, प्रतिमा के आसपास अन्य समुदाय की भूमि होने के कारण भविष्य में विवाद की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
रविवार और सोमवार की दरमियानी रात निजामाबाद पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और प्रतिमा को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि, पुलिस ने हालात को नियंत्रण में रखते हुए शांति बनाए रखी।
पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत 23 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
थाना अध्यक्ष निजामाबाद ने बताया कि मामले में आगे भी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh