फर्जी दस्तावेजों से दो पासपोर्ट बनवाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, रुद्रपुर पुलिस की कार्रवाई
देवरिया।जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने वाले वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में थाना रुद्रपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पूर्वी बाइपास रुद्रपुर के पास से अभियुक्त धर्मेन्द्र यादव पुत्र रामआलम यादव, निवासी महराजगंज थाना रुद्रपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त ने वर्ष 2013 और 2020 में अपने माता-पिता के नाम, जन्मतिथि एवं पते में कूटरचना कर दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाए थे। इस मामले में थाना रुद्रपुर पर मु0अ0सं0 138/2025 के तहत धारा 420, 468, 471 भादवि एवं 12(1)(ख) पासपोर्ट अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

























































Leave a comment