सलेमपुर जंक्शन के विकास को लेकर रेलवे अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
देवरिया।सलेमपुर नगर के नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों ने रेलवे सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सीआरएस/डीआरएम वाराणसी को पत्रक सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इसका नेतृत्व संजय श्रीवास्तव ने किया।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उत्तर ढाला बंद होने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे नगर दो भागों में बंट गया है।
ज्ञापन में मांग की गई कि उक्त स्थान पर फुटओवर ब्रिज या अंडरपास का निर्माण कराया जाए, ताकि बीमार व्यक्तियों एवं आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही सलेमपुर जंक्शन पर बने सुलभ शौचालय को शीघ्र चालू कराने तथा स्टेशन परिसर के बाहर शौचालय और मूत्रालय का निर्माण कराने की भी मांग उठाई गई।
नागरिकों ने प्लेटफॉर्म नंबर एक को बाहर तक विस्तारित करने एवं प्लेटफॉर्म से पूर्वी रोड तक एक ब्रिज बनाने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे यात्रियों को आने-जाने में आसानी हो। इसके अलावा बापूधाम ट्रेन के सलेमपुर में नियमित स्टॉपेज, नई ट्रेनों के संचालन में वृद्धि और पुरानी ट्रेनों के ठहराव को बहाल करने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में पेड़-पौधों से सुशोभित पार्क बनाने तथा आधुनिक सुविधाओं के तहत एटीएम स्थापित करने की भी मांग की गई।
वन एवं पर्यावरण सदस्य देवरिया, संजय कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने अधिकारियों से आग्रह किया कि इन मांगों को पूरा करने से सलेमपुर का समग्र विकास होगा और रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी।
इस दौरान डॉ. शशि प्रकाश नारायण उपाध्याय, कृष्ण गुप्त, ऋषभ श्रीवास्तव, अशोक सिंह, प्रमोद मिश्रा, विनय पांडे, झूलन पांडे, विजय कुमार सहित कई रेल कर्मचारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

























































Leave a comment