घर विहीन महिला को मिला आवासीय सुख
देवरिया ।मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने एक और जरूरतमंद परिवार के जीवन में खुशियों की नई किरण लाई है। विकासखंड तरकुलवा के ग्राम पंचायत वृन्दावन निवासी सविता राव पत्नी स्व. विमल राव, जो अपने दो पुत्रियों और एक पुत्र के साथ जर्जर झोपड़ी में रहने को विवश थीं, आज अपने पक्के मकान में सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रही हैं।
बरसात के दिनों में झोपड़ी की छत से पानी टपकने के कारण परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उन्हें आवास स्वीकृत हुआ, जिसके लिए ₹1.20 लाख की सहायता राशि तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में उपलब्ध कराई गई।
आवास निर्माण के दौरान सविता राव ने स्वयं भी मनरेगा के तहत मजदूरी का कार्य किया, जिससे उन्हें ₹19,170 की अतिरिक्त मजदूरी प्राप्त हुई। इससे आवास निर्माण में आर्थिक सहयोग मिला और परिवार को रोजगार का लाभ भी मिला।
सविता राव ने बताया कि पक्का मकान बनने के बाद उनके परिवार के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है। अब उन्हें सुरक्षित आवास के साथ शौचालय, विद्युत कनेक्शन और गैस कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इससे परिवार का सामाजिक सम्मान बढ़ा है और बच्चों को भी बेहतर वातावरण मिला है।
उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना से मिले लाभ के लिए उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार को नया जीवन और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया है। जिला प्रशासन ने इसे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रेरक उदाहरण बताया है।
























































Leave a comment