Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जनभागीदारी से सफल होगा सेवा संकल्प अभियान : सदर सांसद

 •सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर।

 देवरिया ।सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में बैठक हुई। सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।
         सदर सांसद ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाएं। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों और प्रदेश सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। लाभार्थी योजनाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को रील्स के माध्यम से साझा करें, ताकि अन्य लोग भी योजनाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ उठा सकें।
       उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक होने वाले इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को सेवा दिवस के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अंतर्गत जनपद के घरों में लाभार्थियों सहित आमजन दीप प्रज्वलित करेंगे। 
          मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
        उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों और राज्य सरकार के पिछले 10 वर्षों में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विधानसभावार, विकासखंडवार और ग्राम पंचायतवार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
        अभियान के 12 प्रमुख कार्यक्रमों के अतिरिक्त प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, महायज्ञ, प्रार्थना सभाएं, ग्राम चौपाल और सीधा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों और अंत्योदय वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा उन्हें अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
     अभियान के तहत पहला कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दीया’, दूसरा ‘मेरे सपनों का भारत’,  तीसरा ‘नमो सेवा गाथा’ (नुक्कड़ नाटक मंचन), चौथा ‘आंगन मिलन सेवा’, पांचवां ‘सेवा की कहानी’ (डिजिटल एवं रील अभियान), छठवां ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत संकल्प यात्रा’, आठवां ‘सेवा मेरा योगदान’, नौवां ‘सेवा सेतु अभियान’, दसवां ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ग्यारहवां ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा बारहवां ‘सुशासन सेवा संवाद’ आयोजित किया जाएगा।
         बैठक में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, बांसगांव सांसद के प्रतिनिधि संजय सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh