आजमगढ़: छुट्टी के दिन खुला स्कूल, बच्चों को घर छोड़ते समय नहर में पलटी मिनी बस; 25 बच्चे थे सवार
सरायमीर/आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के नेमत नगर स्थित एकरा पब्लिक स्कूल की मिनी बस बुधवार दोपहर बच्चों को घर छोड़ने के दौरान सेंदूरी गांव के पास अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 25 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। बस नहर में पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और नहर में उतरकर डूबती बस से बच्चों को बाहर निकाला। ग्रामीणों की सक्रियता से बड़ी अनहोनी टल गई। हादसे में चार छात्र और शिक्षिका जोया गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया गया कि बुधवार को अधिकांश स्कूलों में अवकाश था, इसके बावजूद एकरा पब्लिक स्कूल खुला हुआ था। दोपहर करीब ढाई बजे बच्चों को उनके घर छोड़ने के दौरान यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग भी सक्रिय हुआ। खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अवकाश के दिन स्कूल खोले जाने के मामले की जांच कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग की ओर से घटना के कारणों तथा स्कूल संचालन से जुड़े नियमों की जांच की जा रही है।
























































Leave a comment