Latest News / ताज़ातरीन खबरें

भेड़िया बाजार का गड्ढा दे रहा मौत को दावत, बरदह-बूढ़नपुर मार्ग बदहाल 75 किमी लंबे मार्ग पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे, बारिश में जलभराव और कीचड़ से बढ़ी परेशानी

दीदारगंज, आजमगढ़। मार्टीनगंज, फूलपुर और बूढ़नपुर तहसील क्षेत्रों को जोड़ने वाला करीब 75 किलोमीटर लंबा बरदह-बूढ़नपुर मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। लगभग 18 वर्ष पहले बने इस मार्ग की हालत जगह-जगह इतनी खराब हो चुकी है कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सफर करना जोखिम भरा साबित हो रहा है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।

बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने के साथ कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति और गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। दीदारगंज और अंबारी के बीच स्थित भेड़िया बाजार में सड़क की स्थिति विशेष रूप से खराब बताई जा रही है। यहां जगह-जगह बने गहरे गड्ढों से दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भेड़िया बाजार से पहले डीघियां मार्ग का गड्ढा बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है। राहगीर मो. तौकीर ने बताया कि सड़क के गड्ढे लगातार परेशानी बढ़ा रहे हैं और कभी भी बड़ी अनहोनी हो सकती है। उनका कहना है कि जिम्मेदार विभाग को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल सड़क की मरम्मत करानी चाहिए।

गड्ढों में पानी, राहगीरों के कपड़े हो रहे खराब

बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में जमा कीचड़युक्त पानी से राहगीरों और दुकानदारों की परेशानी भी बढ़ गई है। वाहनों के गुजरने पर गड्ढों का पानी उछलकर सड़क किनारे चल रहे लोगों और दुकानों के सामने तक पहुंच जाता है। मार्ग पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, ऐसे में सड़क की बदहाली का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई स्थानों पर सड़क की मरम्मत के नाम पर केवल चिप्पी लगाकर काम पूरा कर दिया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। कुछ ही समय बाद सड़क फिर उखड़ गई और पुराने गड्ढे दोबारा जानलेवा स्थिति में पहुंच गए। ऊबड़-खाबड़ सड़क पर वाहनों को झटकों के साथ गुजरना पड़ रहा है।

दोपहिया वाहन चालकों के लिए सबसे बड़ा खतरा

सड़क पर बने गड्ढे सबसे अधिक दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। पानी से भरे गड्ढों के कारण कई बार चालक अचानक ब्रेक लगाने या वाहन मोड़ने को मजबूर होते हैं। इससे फिसलने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी से भरे गड्ढों का अनुमान लगाना मुश्किल होता है।

कई प्रमुख बाजार और विद्यालय इसी मार्ग पर

बरदह-बूढ़नपुर मार्ग पर दीदारगंज, पल्थी, अंबारी, माहुल, फुलवरिया, अहरौला, शाहपुर और बूढ़नपुर जैसे प्रमुख बाजार स्थित हैं। मार्ग के आसपास बड़ी संख्या में विद्यालय भी संचालित हैं। प्रतिदिन छात्र-छात्राओं, व्यापारियों, कर्मचारियों, किसानों और आम नागरिकों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग

क्षेत्र के सफीक अहमद, चंद्रशेखर, श्याम बहादुर उर्फ अप्पू यादव, राम अचल यादव, राजेश यादव, अनिल नारायण सिंह, कृष्ण मोहन मिश्रा तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य नसीम अहमद सहित अन्य ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई है।

ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से बरदह-बूढ़नपुर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने, बड़े-बड़े गड्ढों को भरने और सड़क को सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान स्थिति और भी खराब हो सकती है। गड्ढों में जलभराव और कीचड़ के बीच लगातार बढ़ता यातायात किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से हादसा होने से पहले सड़क की सुध लेने की मांग की है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh