Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: घाघरा नदी की उफान से देवारा में मुश्किलें बरकरार, 24 घंटे में 12 सेंटीमीटर घटा जलस्तर

तीन संपर्क मार्गों पर 8 नावों से हो रहा आवागमन, बाढ़ चौकियों पर प्रशासन की निगरानी

आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के उत्तर में बहने वाली घाघरा नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है, लेकिन देवारा क्षेत्र के कई गांवों में लोगों की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं। संपर्क मार्गों पर पानी चढ़ा होने के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहत की बात यह है कि बीते 24 घंटे में नदी के जलस्तर में 12 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई है।

मुख्य माप स्थल बदरहुआ नाला पर घाघरा नदी का जलस्तर खतरा बिंदु 71.68 मीटर के मुकाबले 22 सेंटीमीटर नीचे 71.46 मीटर दर्ज किया गया। वहीं डिघिया नाला पर भी जलस्तर में 11 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई और यहां नदी का जलस्तर 70.80 मीटर रहा।

जलस्तर घटने के बावजूद मानिकपुर, जमुवारी और बेलहिया के संपर्क मार्गों पर पानी चढ़ा होने से आवागमन प्रभावित है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए तीन संपर्क मार्गों पर कुल 8 नावें लगाई गई हैं। इनमें मानिकपुर में एक, सोनौरा में एक नाव संचालित की जा रही है। वहीं बेलहिया ढाले के नीचे संपर्क मार्ग टूट जाने के कारण अजगरा, अचलनगर और माधो का पुरा गांवों के आवागमन के लिए छह नावें लगाई गई हैं।

पशुओं के चारे का संकट

बाढ़ के पानी के तटवर्ती क्षेत्रों में पहुंचने से ग्रामीणों के सामने पशुओं के लिए हरे चारे की समस्या भी खड़ी हो गई है। महुला, परसिया, गांगेपुर, देवारा खास राजा, साहडीह, भदौरा, सोनौरा, अभनपट्टी, अजगरा और अचलनगर के तटवर्ती इलाकों में पानी पहुंचने से पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है।

10 बाढ़ चौकियां स्थापित

बाढ़ की स्थिति पर निगरानी और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रशासन ने महुला गढ़वल बांध पर 10 बाढ़ चौकियां स्थापित की हैं। इनमें दाम-महुला, गांगेपुर, हाजीपुर, जमुवारी, देवारा इस्माइलपुर, हैदराबाद, कुंढई, शिवपुर सहदेवगंज और नौवरार देवारा ददीद किता-1 सहित अन्य स्थान शामिल हैं।

उपजिलाधिकारी सगड़ी संजीव कुमार राय ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं बाढ़ चौकियों का निरीक्षण कर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी बाढ़ चौकियों पर समय से उपस्थित रहें। ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घाघरा नदी का जलस्तर घटने से प्रशासन और ग्रामीणों को कुछ राहत मिली है, लेकिन संपर्क मार्गों पर पानी और कई स्थानों पर आवागमन बाधित होने के कारण देवारा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh