सगड़ी में जातिगत जनगणना को लेकर प्रदर्शन, OBC के लिए जाति का अलग कॉलम बढ़ाने की मांग
सगड़ी आजमगढ़। सगड़ी तहसील परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नेतृत्व में 2027 की जनगणना में ओबीसी के लिए जातिवार गणना का स्पष्ट विकल्प उपलब्ध कराने और जातिगत जनसंख्या की वैज्ञानिक, सटीक एवं विश्वसनीय गणना की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारी तहसील गेट से एसडीएम कार्यालय तक बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोका, जिसके बाद कुछ देर तक माहौल गरम रहा। बाद में उप जिलाधिकारी सगड़ी संजीव कुमार राय मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि एससी/एसटी की तरह ओबीसी के लिए भी जाति का अलग कॉलम बढ़ाया जाए। साथ ही दूसरे चरण की प्रश्नावली में ओबीसी की जातिवार जानकारी दर्ज करने के लिए पर्याप्त और स्पष्ट विकल्प दिए जाएं।
ज्ञापन में राज्यवार व्यापक मास्टर जाति निर्देशिका तैयार करने, प्रत्येक जाति को विशिष्ट कोड देने, मानकीकृत विकल्प आधारित प्रणाली लागू करने तथा जाति संबंधी आंकड़ों के संग्रह, सत्यापन और संकलन की प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित एवं ऑडिट योग्य बनाने की मांग की गई।

























































Leave a comment