Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मां ने मासूम बेटे संग नदी में लगाई छलांग, बच्चे की मौत

• ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, परिजनों ने मानसिक अस्वस्थता को बताया घटना की वजह।
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार तड़के एक महिला द्वारा अपने तीन माह के बेटे को लेकर तमसा नदी में छलांग लगाने की घटना सामने आई। ग्रामीणों के प्रयास से महिला को करीब तीन किलोमीटर दूर पनशब्दा गांव के पास नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि उसके मासूम बेटे की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रामपुर निवासी नरसिंह यादव की 22 वर्षीय बेटी सीमा यादव अपने तीन माह के बेटे प्रत्यांश के साथ सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे घर से निकली थी। कुछ देर बाद उसने तमसा नदी में छलांग लगा दी। महिला और बच्चे को नदी में डूबता देखकर ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद महिला को नदी से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों के मुताबिक सीमा की शादी करीब दो वर्ष पूर्व ऐनपुर गांव निवासी अमरनाथ यादव से हुई थी और वह पिछले दो माह से मायके में रह रही थी। पिता का कहना है कि करीब तीन माह पहले सीमा को मस्तिष्क ज्वर हुआ था। इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजनों ने आशंका जताई कि इसी वजह से यह घटना हुई। सूचना मिलने पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बच्चे के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन दोनों पक्षों के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सहमति के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh