Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मिर्जापुर ब्लॉक स्थित निर्माणाधीन 100 शैय्या अस्पताल का शीघ्र संचालन हो : राजीव यादव

निजामाबाद/आजमगढ़, 30 जुलाई। सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव एवं किसान नेता राजीव यादव ने मिर्जापुर ब्लॉक के पीछे स्थित निर्माणाधीन 100 शैय्या अस्पताल का कार्य शीघ्र पूरा कर उसका तत्काल संचालन शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अस्पताल चालू होने से निजामाबाद क्षेत्र की जनता को उपचार के लिए करीब 25 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल जाने की मजबूरी समाप्त होगी।

सम्पर्क संवाद कार्यक्रम के तहत गुरुवार को निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे राजीव यादव ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अस्पताल के निर्माण और संचालन की मांग कर रही है। यदि अस्पताल समय पर बनकर चालू हो गया होता तो क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय का रुख नहीं करना पड़ता।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 2007 में तत्कालीन बसपा सरकार के कार्यकाल में सिकहुला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति मिली थी, लेकिन लगभग 19 वर्षों के दौरान कई सरकारें बदलने के बावजूद अस्पताल का निर्माण अधूरा ही पड़ा रहा। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावों के बीच यह अस्पताल ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा का उदाहरण बन गया है। हालांकि लंबे अंतराल के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू हुआ, लेकिन अब तक इसका संचालन नहीं हो सका है।

राजीव यादव ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए स्कूल, अस्पताल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं आवश्यक हैं, लेकिन निजामाबाद क्षेत्र आज भी इन सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। अस्पताल न होने के कारण महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। वहीं जर्जर सड़कों के कारण मरीजों को जिला अस्पताल तक पहुंचाने में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि निर्माणाधीन 100 शैय्या अस्पताल का कार्य शीघ्र पूरा कर उसका संचालन तत्काल शुरू कराया जाए। साथ ही भदुली–निजामाबाद–मिर्जापुर–लाहीडीह–कौड़िया–मुंडियार होते हुए माहुल-बेलवाई मार्ग के निर्माण की मांग भी दोहराई।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh