Health News / स्वास्थ्य समाचार

सीएचसी घोसी द्वारा घोसी जूनियर हाई स्कूल में शिविर आयोजित कर 100 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण।

घोसी।मऊ। सीएचसी घोसी के अधीक्षक डॉ एचके पंकज के निर्देश पर  राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर के जूनियर हाई स्कूल मझवारा मोड़ में एक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 100 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके समग्र स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की सामान्य शारीरिक जांच की। इसमें आंख, कान, दांत, त्वचा और पोषण स्तर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच शामिल थी। परीक्षण के दौरान बच्चों को स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। शिविर में डॉ. इन्द्रकेश यादव, डॉ. प्रियंका गुप्ता, डॉ. ममता और जयप्रकाश यादव ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान जिन बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पाई गईं उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया और आगे के उपचार के लिए निर्देशित भी किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में जन्मजात बीमारियों, पोषण संबंधी समस्याओं, विकास संबंधी कमियों और अन्य रोगों की समय पर पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है। इसका लक्ष्य बच्चों को स्वस्थ रखकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करने में सक्षम बनाना है। विद्यालय परिवार ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी होती है और अभिभावकों को भी समय रहते आवश्यक जानकारी मिल पाती है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh