Crime News / आपराधिक ख़बरे

पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदे से लटककर दी जान, डायल 112 पहुंची थी रात में, पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घोसी।अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के करमपुर गांव में पारिवारिक विवाद के बाद 32 वर्षीय युवक ने कमरे में पंखे के हुक के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
 घोसी कोतवाली के करमपुर निवासी विनय सिंह पुत्र बन्केश सिंह गुरुग्राम में नौकरी करता था। उसकी शादी नवंबर 2024 में प्रतापगढ़ निवासी सोनम से हुई थी। परिजनों के अनुसार विवाह के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी कारण पत्नी अधिकांश समय मायके में रहती थी और विनय भी अपने बड़े भाई शैलेंद्र सिंह से अलग रह रहा था। करीब 19 दिन पहले पत्नी मायके से ससुराल लौटी थी, जबकि विनय पांच दिन पहले 8 जुलाई को गुरुग्राम से घर आया था।
  बताया गया कि रविवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर पत्नी ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और वापस लौट गई। इसके बाद विनय अपने कमरे में चला गया।
   परिजनों के अनुसार देर रात विनय ने अपने कुछ रिश्तेदारों और दोस्तों को फोन करने का प्रयास किया, लेकिन किसी से बात नहीं हो सकी। इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर पंखे के हुक के सहारे फंदा लगा लिया।
   कुछ देर बाद परिजनों ने दरवाजा बंद देखा तो आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो विनय फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
       घटना की सूचना पर कोतवाल रविंद्रनाथ राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक की कोई संतान नहीं थी। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh