Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और मूलभूत सुविधाओं को लेकर आइडियल पत्रकार संगठन ने सौंपा ज्ञापन

छतरपुर (पलामू)। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कार्य सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आइडियल पत्रकार संगठन की छतरपुर अनुमंडल इकाई ने मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी गणेश महतो एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने पत्रकारों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और प्रशासनिक गतिविधियों को निष्पक्ष रूप से जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाते हैं।
संगठन ने छतरपुर अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालय में पत्रकारों के लिए स्थायी प्रेस कक्ष या मीडिया सेंटर की व्यवस्था किए जाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में पत्रकारों को समाचार संकलन, प्रेस वार्ता और प्रशासनिक संवाद के दौरान कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित प्रेस कक्ष में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, शौचालय तथा इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने कहा कि कई बार समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को धमकी, दबाव, अभद्र व्यवहार और सामाजिक प्रताड़ना जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पत्रकार निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
संगठन ने सरकारी कार्यक्रमों, बैठकों, योजनाओं और प्रेस वार्ताओं की सूचना समय पर उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे जनहित की सूचनाएं अधिक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंच सकेंगी। इसके अलावा स्थानीय एवं सक्रिय पत्रकारों की एक आधिकारिक सूची तैयार कर प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी आग्रह किया गया।
ज्ञापन में सरकारी कार्यालयों, थाना एवं अन्य प्रशासनिक संस्थानों में पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा जनहित के मामलों में आवश्यक प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने की मांग भी शामिल रही। संगठन का कहना है कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए उनकी सुरक्षा, सम्मान और कार्य सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
आइडियल पत्रकार संगठन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे पत्रकार बेहतर, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य गौरी शंकर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, मित्तल सिंह, अजीत कुमार सिंह, सुरेंद्र गुप्ता, अरविंद अग्रवाल, पंचम कुमार, निरंजन सिन्हा, दीपक कुमार, उमेश कुमार एवं छोटू कुमार सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh