Latest News / ताज़ातरीन खबरें

भैंस निकालने के दौरान घाघरा नदी की शाखा में फिसला पैर, अधेड़ की डूबने से मौत, चार बेटों और चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के रोशनगंज गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 58 वर्षीय अधेड़ की घाघरा नदी की शाखा में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपनी भैंसों को चराने के लिए घर से निकले थे और भैंस को पानी से बाहर निकालने के दौरान उनका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चले गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार रोशनगंज गांव निवासी रामउग्र यादव (58) पुत्र स्वर्गीय पराग यादव प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी अपनी भैंसों को चराने के लिए घर से निकले थे। महुला-गढ़वल बांध के रोशनगंज ढाला के उत्तर दिशा में गांव जाने वाले मार्ग पर बने पुल के पास उनकी भैंस घाघरा नदी की शाखा में पानी पीने के लिए उतर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामउग्र यादव भैंस को नदी से बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे। देखते ही देखते वह डूबने लगे। आसपास मौजूद चरवाहों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची रौनापार पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद नदी से शव को बाहर निकलवाया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि रामउग्र यादव के चार पुत्र और चार पुत्रियां हैं तथा सभी की शादी हो चुकी है। उनकी पत्नी लालती देवी का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। पिता की असमय मौत से पुत्र रमेश, सुरेश, विकास और राजेश समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh