National News / राष्ट्रीय ख़बरे

1 हफ्ते में दूसरी बार महँगा हुआ पेट्रोल-डीजल, उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में बढ़ीं कीमतें

नई दिल्ली।देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह से पेट्रोल पर 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल पर 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी लागू कर दी है। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में ₹3 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई थी।

बढ़ी हुई कीमतों का असर उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में देखने को मिल रहा है। नई दरें मंगलवार सुबह 6 बजे से लागू हो गईं। तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और लगातार बढ़ते घाटे के कारण यह फैसला लिया गया है।

उत्तर प्रदेश में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार उछाल दर्ज किया गया है। प्रदेश में पेट्रोल की औसत कीमत लगभग ₹99 प्रति लीटर और डीजल की कीमत करीब ₹96 प्रति लीटर तक पहुंच गई है। लखनऊ में डीजल ₹91.73 प्रति लीटर के आसपास दर्ज किया गया।

राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ₹98.64 और डीजल ₹91.58 प्रति लीटर हो गया है, जबकि मुंबई में पेट्रोल ₹107.59 और डीजल ₹94.08 प्रति लीटर पहुंच गया। कोलकाता और चेन्नई में भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल महँगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं, सब्जियों, खाद्य सामग्री और माल ढुलाई पर पड़ सकता है। खासकर डीजल की कीमत बढ़ने से किसानों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

तेल कंपनियों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसी वजह से आने वाले दिनों में ईंधन के दामों में और बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh