डीएम ने सोशल सेक्टर विभागों की की समीक्षा , जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के दिए निर्देश
देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में सोशल सेक्टर से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक की।।बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल सेक्टर से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जमीनी स्तर तक पहुंचाएं। उन्होंने ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर विभागीय समन्वय मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को निर्देशित किया कि तहसील दिवस के आयोजन के दौरान दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उनके लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में आने वाले दिव्यांगजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ दिलवाया जाए।
जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना को और अधिक सक्रियता से संचालित किए जाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि दिव्यांगजनों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को इसका लाभ दिलाया जाए। इसके लिए बीडीओ एवं संबंधित अधिकारियों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कराया जाए तथा आवेदनों का सत्यापन समय से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम तहसील स्तर पर आयोजित किए जाएं।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि योजना के अंतर्गत दिव्यांग युवक के विवाह पर 15 हजार रुपये, दिव्यांग युवती के विवाह पर 20 हजार रुपये तथा दोनों दिव्यांग होने की स्थिति में 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सामूहिक विवाह योजना, छात्रवृत्ति योजना एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
उन्होंने सोशल सेक्टर से संबंधित आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभागीय प्रगति बेहतर बनी रहनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल सेक्टर अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जिससे सीधे समाज के जरूरतमंद एवं कमजोर वर्ग जुड़े हैं। इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंच सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी, सहित संबंधित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





















































Leave a comment