घोसी कस्बे में स्मार्ट मीटर डिस्कनेक्शन चेकिंग अभियान, उपभोक्ताओं को किया गया जागरूक
घोसी मऊ। घोसी कस्बे में बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए डिस्कनेक्शन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं को जागरूक करना और समय पर भुगतान सुनिश्चित कराना रहा। विभागीय टीम ने विभिन्न इलाकों में पहुंचकर मीटरों की जांच की तथा जिन उपभोक्ताओं का प्रीपेड बैलेंस कम पाया गया उन्हें तत्काल रिचार्ज कराने की सलाह दी। इस दौरान कई उपभोक्ताओं ने स्मार्टमीटर को लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
अभियान के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों ने उनसे संवाद करते हुए मौके पर ही उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया। कई उपभोक्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए अपना बकाया बिल तुरंत जमा कर दिया। बिल जमा होते ही उनकी बिजली आपूर्ति लखनऊ स्थित बैकएंड सिस्टम से पुनः बहाल कर दी गई ।जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली।
अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था में प्रीपेड बैलेंस बनाए रखना बेहद जरूरी है। बैलेंस समाप्त होते ही स्वतः बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई कि वे कम से कम एक माह के बिजली बिल के बराबर बैलेंस अपने मीटर में बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। साथ ही समय से रिचार्ज करने पर 2 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी मिलता है।
अधिशासी अभियंता श्रीप्रकाश ने कहा स्मार्ट मीटर प्रणाली उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शी और सुविधाजनक है। हमारा प्रयास है कि हर उपभोक्ता समय पर अपना प्रीपेड बैलेंस बनाए रखे ।ताकि अनावश्यक बिजली विच्छेदन से बचा जा सके। विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है और उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा करता है। आप लोगों की जो भी समस्याएं संज्ञान में आएगी उनका समाधान होगा।
इस दौरान उपखंड अधिकारी इंद्र बहादुर मौर्य एवं अवर अभियंता माजिद भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय पर बिल का भुगतान करें और स्मार्ट मीटर प्रणाली का लाभ उठाते हुए नियमित बैलेंस बनाए रखें जिससे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर एसडीओ इंद्रबहादुर मौर्य, जेई माजिद, तेजाबहादुर यादव, प्रवीण शर्मा, ब्रजेश यादव, लालू, आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।



























































Leave a comment