Latest News / ताज़ातरीन खबरें

दिल्ली रैली की तैयारी को लेकर माकपा का जन आक्रोश जत्था भरथुआ चौराहे पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

देवरिया । कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा जनता की मांगों को लेकर 24 मार्च 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित विशाल रैली की तैयारी को लेकर  11 से 20 मार्च तक पूरे उत्तर प्रदेश में जन आक्रोश जत्था मार्च निकाला जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कुशीनगर से चलकर जत्था दोपहर करीब 3 बजे देवरिया जनपद के भरथुआ चौराहे पर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान पूर्व प्रदेश सचिव व केंद्रीय कमेटी सदस्य कामरेड हीरा लाल यादव, कामरेड प्रेमनाथ राय, कामरेड सतीश कुमार, कामरेड बाबूराम यादव, कामरेड जयप्रकाश यादव, कामरेड रामनिवास यादव और कामरेड प्रेमचंद यादव ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार नवलपुर चौराहे पर आयोजित आम सभा को संबोधित करते हुए कामरेड बाबूराम यादव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी, सांप्रदायिक और कॉर्पोरेट परस्त नीतियों के खिलाफ माकपा 24 मार्च को दिल्ली में विशाल रैली करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी की स्थिति भयावह होती जा रही है।
वहीं केंद्रीय कमेटी सदस्य कामरेड हीरा लाल यादव ने कहा कि मोदी सरकार और भाजपा शासित राज्य सरकारें संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही हैं, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और जनसंघर्ष तेज हो रहे हैं। कामरेड प्रेमनाथ राय ने कहा कि 12 फरवरी को हुई अखिल भारतीय हड़ताल में 30 करोड़ से अधिक किसान और मजदूर सड़कों पर उतरकर जनविरोधी नीतियों का विरोध कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि 24 मार्च की दिल्ली रैली इन्हीं नीतियों के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करने का मंच बनेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बलविंदर मौर्या ने की, जबकि संचालन कामरेड रामनिवास यादव ने किया। इस दौरान कामरेड जयप्रकाश यादव, हरिबंद प्रसाद, संजय कुमार गोंड, परमहंस भारती, प्रदीप भारती, शिवशंकर यादव, अनिल यादव, हरेकृष्ण कुशवाहा, जावेद हाशमी, शक्ति सिंह, तारादेवी, रामचंद्र खरवार, मिथिलेश कुशवाहा, पूनम देवी और गंगा देवी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh