चोरी का प्रयास करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
दीदारगंज -आजमगढ़ । दीदारगंज थाना क्षेत्र के फुलेश ग्राम में घर में घुसकर चोरी का प्रयास करने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की वारदात में प्रयुक्त लोहे का रम्मा भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम फुलेश निवासी सरस्वती देवी पत्नी रमेश चन्द्र गुप्त 9 मार्च 2026 की सुबह लगभग 5:30 बजे अपने परिवार के साथ चौकिया शीतला धाम (जौनपुर) व विन्ध्याचल धाम दर्शन के लिए गई थीं। रात करीब 10:30 बजे घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर एक अज्ञात व्यक्ति मौजूद है, जो बाहर लगे बल्ब की लाइट को बार-बार जला-बुझा रहा था।
शक होने पर उन्होंने तत्काल डायल-112 व दीदारगंज थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार व आसपास के लोगों की मदद से घर के अंदर छिपे आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी ने छत के रास्ते भागने का प्रयास किया, लेकिन छत के दरवाजे का ताला तोड़ने में असफल रहा और पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मिथिलेश मौर्या पुत्र सीताराम निवासी ग्राम पवई लाडपुर थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक लोहे का रम्मा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना दीदारगंज में मुकदमा संख्या 41/26 धारा 305, 331(4), 62 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एस एच ओ दीदारगंज जयप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।।





















































Leave a comment