Latest News / ताज़ातरीन खबरें

देवारा इस्माइलपुर में घाघरा नदी की शाखा में डूबने से युवक की मौत, परिवार का इकलौता चिराग बुझा

बिलरियागंज/आजमगढ़  । रौनापार थाना क्षेत्र के देवारा इस्माइलपुर गांव में मंगलवार को घाघरा नदी की छोटी शाखा में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार देवारा इस्माइलपुर गांव निवासी प्रदीप यादव (लगभग 20 वर्ष) पुत्र भुआल यादव छोटी नाव से अकेले अपने दूसरे घर इस्माइलपुर जा रहा था। इसी दौरान घाघरा नदी की छोटी शाखा पार करते समय नाव से उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गया। प्रदीप को तैरना नहीं आता था, जिससे वह डूबने लगा।
खेत में काम कर रहे कुछ ग्रामीणों ने युवक को डूबते देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां, पिता भुआल यादव और छोटी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रौनापार थानाध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह ने मंगलवार शाम करीब छह बजे बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh