Latest News / ताज़ातरीन खबरें

होली मिलन में उमड़ा जनसैलाब, रंग-गुलाल के साथ गूंजे भोजपुरी गीत,आगामी चुनाव से पहले सत्येंद्र राय के समर्थन में दिखा उत्साह

बिलरियागंज /आजमगढ़।होली के पावन पर्व के अवसर पर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के गोरिया बाजार में मंगलवार की शाम एक भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सायं 5:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक चला। कार्यक्रम का आयोजन गोपालपुर विधानसभा के निवर्तमान भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र राय द्वारा किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-गुलाल, फूलों की पंखुड़ियों और भोजपुरी गीतों की मधुर धुनों के बीच पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जनपद स्तरीय पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, गोपालपुर विधानसभा के लगभग सभी पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। होली के इस मिलन समारोह ने राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही दृष्टि से लोगों को एक मंच पर जोड़ने का काम किया।
समारोह को रंगारंग बनाने के लिए भोजपुरी जगत के कई प्रसिद्ध कलाकार भी मंच पर पहुंचे। भोजपुरी गायिका अर्चना राय, देवरिया से आए वरिष्ठ भोजपुरी कलाकार राकेश तिवारी तथा भोजपुरी स्टार गायिका शिल्पी राघवानी ने अपने गीतों और प्रस्तुतियों से माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। कलाकारों के गानों और डांस पर उपस्थित हजारों लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर देर तक गूंजता रहा।
इस अवसर पर आयोजक सत्येंद्र राय ने मंच पर आए सभी कलाकारों और अतिथियों को माला पहनाकर अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं होली के पारंपरिक उत्साह को दर्शाते हुए उन्होंने उपस्थित लोगों और अतिथियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में सत्येंद्र राय ने कहा कि होली का त्योहार प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और आपसी संबंध मजबूत होते हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनता का यह स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में आए लोगों के लिए भव्य नाश्ता और भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। देर शाम तक लोग गीत-संगीत और होली के रंगों में सराबोर होकर कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए थाना अध्यक्ष बिलरियागंज सुनील कुमार दुबे अपने पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।
स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र में आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। वहीं आगामी चुनावी माहौल के बीच इस कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां हजारों की भीड़ ने सत्येंद्र राय के प्रति अपना समर्थन और विश्वास भी प्रकट किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh