Crime News / आपराधिक ख़बरे

पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले में पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, गिरफ्तारी की तैयारी

पत्रकार पर जानलेवा हमला पड़ा भारी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा दबिश जारी।

 पत्रकार जगदीप गौतम पर हमला, जातिसूचक गालियां और मारपीट का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया केस।

संवाददाता आलापुर अम्बेडकरनगर।

अम्बेडकरनगर। जनपद में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। आलापुर तहसील क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार जगदीप गौतम पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना बसखारी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने की तैयारी में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रामकोला निवासी पत्रकार जगदीप गौतम पिछले लगभग पाँच वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। बताया जाता है कि 6 मार्च 2026 की रात लगभग 11:15 बजे वह मालीपुर क्षेत्र से एक सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। जैसे ही वह रुस्तमपुर चौराहे के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से आ रही एक अर्टिगा कार उनकी गाड़ी से टकरा गई, जिससे उनकी कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद जब पत्रकार जगदीप गौतम अपनी गाड़ी से उतरकर स्थिति देखने लगे, तभी दूसरी गाड़ी से अनिल कुमार शर्मा अपने लगभग पाँच साथियों के साथ उतरकर आया। आरोप है कि उनके हाथों में हॉकी और डंडे जैसे हथियार थे। पीड़ित पत्रकार के अनुसार उन्होंने स्थिति को शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके वाहन में रखे विजिटिंग कार्ड को पढ़कर फाड़ दिया और नाम में “गौतम” शब्द देखकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद हॉकी व डंडों से पत्रकार पर हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं तथा अंदरूनी चोट लगने की भी आशंका जताई जा रही है।
बताया जाता है कि पत्रकार द्वारा शोर मचाने और मदद की गुहार लगाने पर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद हमलावर मारपीट बंद कर  कथित रूप से धमकी तथा 60 हजार रुपए की मांग करने लगे और धमकी देने लगे  कि यदि इस घटना की शिकायत की गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
पीड़ित पत्रकार जगदीप गौतम ने थाना बसखारी में दिए गए अपने प्रार्थना पत्र में पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि उनकी पत्रकारिता से नाराज होकर योजनाबद्ध तरीके से इस घटना को अंजाम दिया गया। साथ ही उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बसखारी थाने की  पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0स0 0053 में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस बीच बसपा नेता जयप्रकाश मौर्य घटनास्थल से लेकर थाने तक मौजूद रहकर पूरी पैरवी करते हुए मुकदमा दर्ज करवाने में अपना सहयोग करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध हर संभव कार्यवाही  जायेगी इन्हें बख्शा नहीं जायेगा ।
घटना को लेकर जिले के पत्रकारों और सामाजिक संगठनों में भी भारी आक्रोश व्याप्त है। पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
दूरभाष पर हुई वार्ता में पत्रकार जगदीप गौतम ने कहा कि इस मामले में सभी सामाजिक संगठनों, राजनैतिक दलों तथा पत्रकारों ने लगातार संपर्क करके अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के साथ साथ हर संभव मदद की भरपूर भरोसा दिया है ।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh