Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़ में जाली करेंसी गिरोह का भंडाफोड़ 8 गिरफ्तार।पुलिस ने 1.19 लाख की नकली मुद्रा, लैपटॉप-प्रिंटर व कार समेत कई उपकरण किए बरामद, लैपटॉप-प्रिंटर से A-4 पेपर पर छापते थे नोट

बिलरियागंज/आजमगढ़।  रौनापार थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाली करेंसी बनाने और उसे बाजार में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1.19 लाख रुपये की जाली मुद्रा, नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, लैपटॉप-प्रिंटर, एक कार और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और नकली नोटों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रौनापार मन्तोष सिंह पुलिस टीम के साथ होली के मद्देनजर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि टेकनपुर पुलिया के पास एक सफेद कार में कुछ लोग जाली नोटों का लेन-देन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर टेकनपुर पुलिया के पास से छह आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम जगदीशपुर थाना जीयनपुर से दो अन्य आरोपितों को जाली नोट बनाने में प्रयुक्त उपकरणों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गिरोह का सरगना मनीष मिश्रा है, जो बरडीहा गांव का रहने वाला है। उसके निर्देशन में सभी लोग लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से A-4 साइज के पेपर पर जाली नोट छापते थे। बाद में पेपर कटर से उन्हें असली नोटों के आकार में काटकर तैयार किया जाता था। गिरोह के सदस्य असली नोटों की गड्डियों के बीच जाली नोट रखकर बाजारों और दुकानों में चलाते थे, जिससे आम लोग आसानी से पहचान नहीं कर पाते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ थाना रौनापार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh