सातवीं शादी की तैयारी में पिता नाबालिग बेटे ने थाने पर दी तहरीर।सातवीं के लिए जमीन बेचने को लिया 50 हजार एडवांस 12वीं का छात्र बेटा बोला—पहले ही आधी से ज्यादा जमीन गिरवी, कर्ज भी कई बार चुका चुका हूं
आजमगढ़/अहरौला। अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में 55 वर्षीय व्यक्ति द्वारा सातवीं शादी की तैयारी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उसके नाबालिग बेटे ने थाने में तहरीर देकर पिता की शादी रुकवाने और मामले की जांच की मांग की है। बेटे का आरोप है कि उसके पिता अब तक छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं शादी की तैयारी में लगे हुए हैं। बेटे के अनुसार उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी, जबकि उससे पहले दो शादियां और कर चुके थे। इस प्रकार अब तक कुल छह शादियां हो चुकी हैं। बेटे ने बताया कि उसके पिता ने वर्ष 2024 में छठवीं शादी की थी। कुछ दिन साथ रहने के बाद छठवीं पत्नी जमीन अपने नाम कराने की मांग करने लगी। जब पिता ने जमीन उनके नाम नहीं की तो उन्होंने जेवर की मांग की। जेवर भी न मिलने पर वह कहीं अन्यत्र चली गईं। नाबालिग बेटे का आरोप है कि अब उसके पिता सातवीं शादी के लिए कुछ लोगों के संपर्क में हैं और शादी का लालच देकर बची हुई जमीन बेचने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने किसी व्यक्ति से 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिया है। बेटे ने बताया कि उसके पिता पहले ही आधे से ज्यादा जमीन गिरवी रख चुके हैं और उनके कर्ज को वह कई बार चुका चुका है। बेटे ने बताया कि वह वर्तमान में 12वीं का छात्र है। पिता ने उसे जबरन कमाने के लिए बाहर भेज दिया था। वह फिलहाल 12वीं की परीक्षा देने के लिए घर आया है। इसी दौरान उसे पिता की सातवीं शादी की तैयारी और जमीन बेचने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने थाने में तहरीर दी है। अहरौला थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि बेटे की ओर से पिता पर लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। साथ ही पिता को समझाने की भी कोशिश की जाएगी।























































Leave a comment