बलिया बनेगा ‘नया तेल हब’? गंगा बेसिन में ONGC की बड़ी छलांग
उत्तर प्रदेश के बलिया में ओएनजीसी ने गंगा बेसिन में संभावित विशाल कच्चे तेल के भंडारों की खोज के लिए नई खुदाई शुरू की है. लगभग दो साल के सर्वेक्षण के बाद, ओएनजीसी ने 8 एकड़ जमीन लीज पर ली है और विदेशी मशीनों की सहायता से 2500 मीटर की गहराई तक तेल निकालने का लक्ष्य रखा है. यह परियोजना यूपी के साथ-साथ पूरे देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
उत्तर प्रदेश के गंगा बेसिन में कच्चे तेल का बड़ा श्रोत होना माना जा रहा है. ओएनजीसी ने करीब दो साल तक सर्वे कराने के बाद पिछले साल बलिया में तेल का कुआं खोदना शुरू किया था. वहीं अब एक नए स्थान पर ओएनजीसी कुएं की खुदाई कर रही है. इसके लिए 8 एकड़ से अधिक जमीन को लीज पर लेकर ओएनजीसी ने घेराबंदी कर दी है. फिलहाल इस घेराबंदी के अंदर विदेशों से आई मशीनों को इंस्टाल करने का काम चल रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक बलिया से लेकर गाजीपुर और बनारस तक गंगा बेसिन में ओएनजीसी की सर्वे टीम बीते 5 वर्षों से सर्वे कर रही है. इस सर्वे में पाया गया है कि यहां कच्चे तेल और पेट्रोलियम गैस का बहुत बड़ा श्रोत हो सकता है. हालांकि इस सर्वे में अभी तक साफ नहीं हो सका है कि यह तेल कितनी गहराई में है. इसकी जांच के लिए ओएनजीसी ने बलिया, गाजीपुर, बनारस और मिर्जापुर में एक दर्जन से अधिक स्थान चिन्हित किए हैं, जहां खुदाई होनी है.
ओएनजीसी ने पिछले साल मार्च महीने में स्वतंत्रता सेनानी चित्तू पांडेय के गांव सागरपाली में करीब 8 एकड़ जमीन लीज पर लेकर खुदाई शुरू की थी. यह जमीन चित्तू पांडेय के वंशजों की है. इस जमीन पर ओएनजीसी ने करीब 3000 मीटर की गहराई तक कुएं की खुदाई की. इसके बाद अब ओएनजीसी ने पास के ही एक अन्य गांव बनरही में खुदाई शुरू की है. यह गांव सागर पाली से करीब 5 किमी की दूरी पर गंगा बेसिन में ही है.
ओएनजीसी ने इस स्थान पर खुदाई के लिए करीब 8 एकड़ जमीन लीज पर लेकर घेराबंदी की है. इस घेरे के अंदर विदेशों से मंगाई गई अत्याधुनिक मशीनों को इंस्टाल किया जा रहा है. इस घेराबंदी के अंदर किसी को जाने की अनुमति नहीं है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि खुदाई शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि इस स्थान पर कच्चा तेल करीब ढाई हजार मीटर की गहराई में हो सकता है. यहां खुदाई का काम करीब छह महीने तक चलेगा.
ओएनजीसी के सूत्रों के मुताबिक अभी हो रही खुदाई फाइनल नहीं है. अभी तक जगह जगह खुदाई कर कच्चे तेल की स्थिति और उसे निकालने में आने वाली मुश्किलों का आंकलन किया जा रहा है. सभी चिन्हित स्थानों पर खुदाई के बाद जहां भी तेल की निकासी सबसे बेहतर पायी जाएगी, वहां स्थाई कुआं बनेगा. सूत्रों का दावा है कि गंगा बेसिन में इतना तेल भंडार है कि पूरे प्रदेश और देश की तकदीर बदल सकती है।
























































Leave a comment