Latest News / ताज़ातरीन खबरें

उत्तर पुस्तिकाओं के परिवहन में लापरवाही, बिना सुरक्षा स्कूटी से पहुंचीं कॉपियां, नियमों के विपरीत बिना पुलिस/होमगार्ड के संकलन केंद्र पहुंच रहे विद्यालय प्रतिनिधि

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षाओं को सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के दावों के बीच उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन और परिवहन में गंभीर लापरवाही सामने आई है। निर्धारित दिशा-निर्देशों के विपरीत कई विद्यालयों के कर्मचारी बिना किसी पुलिसकर्मी या होमगार्ड की मौजूदगी के ही उत्तर पुस्तिकाएं स्कूटी से संकलन केंद्र तक पहुंचाते देखे गए। नियमों के अनुसार परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को विधिवत सील कर पुलिसकर्मी अथवा होमगार्ड की सुरक्षा में संकलन केंद्र तक पहुंचाया जाना अनिवार्य है। लेकिन शहर स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बनाए गए संकलन केंद्र पर इसका पालन होता नजर नहीं आया। करीब एक घंटे तक संकलन केंद्र पर मौजूद टीम के दौरान लगभग 10 विद्यालयों के प्रतिनिधि उत्तर पुस्तिकाएं लेकर पहुंचे। इनमें से चार प्रतिनिधि बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के अकेले ही कॉपियां जमा करने आए। कुछ विद्यालयों के कर्मचारी खुले में स्कूटी पर उत्तर पुस्तिकाएं लादकर केंद्र तक पहुंचे, जिससे सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इस प्रकार की लापरवाही से उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा और परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इस संबंध में संयुक्त शिक्षा निदेशक नवल किशोर ने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन एवं परिवहन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यदि कहीं प्रक्रिया में लापरवाही पाई गई है तो यह गंभीर विषय है। मामले की जांच कराई जाएगी और नियमों का पालन न करने वाले विद्यालयों या जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh