Accidental News / दुर्घटना की खबरें

गन्ना लदे ट्रैक्टर की टक्कर से युवती की मौत, महराजगंज-बिलरियागंज मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा, जांच में जुटी पुलिस

बिलरियागंज/आजमगढ़। स्थानीय थाना महराजगंज के महराजगंज-बिलरियागंज मार्ग स्थित बासथान मोड़ पर शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। गन्ना लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवती ट्रॉली के पहिये तले दब गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभा पुत्री शिवबचन अपने चचेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल से बिलरियागंज से महराजगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे गन्ना लदे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवती असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी और ट्रॉली के पहिये की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद युवती के चचेरे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
कोतवाली प्रभारी केदार नाथ मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh