Crime News / आपराधिक ख़बरे

अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ एक गिरफ्तार छापेमारी में भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित तमंचे और उपकरण बरामद, दो फरार

आजमगढ़। जनपद के थाना अतरौलिया क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन व क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भवानीपुर के एक छप्पर के अंदर अवैध तमंचों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना पर उ0नि0 मायापति पाण्डेय व उ0नि0 उमेश चन्द मय हमराह मौके पर पहुंचे और दबिश दी। पुलिस को देखकर दो आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को समय लगभग 03:35 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, एक तमंचा .303 बोर, दो अर्द्धनिर्मित तमंचे तथा तमंचा बनाने की फैक्ट्री सहित उपकरण (ग्लैण्डर मशीन, आरी ब्लेड, रेती, छैनी, हथौड़ा, लोहे की पाइप आदि) बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विन्ध्यांचल (55 वर्ष) पुत्र स्व. राधिका निवासी ग्राम देवलर थाना राजेसुल्तानपुर जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों विरजा निवासी सहदेवगंज थाना महाराजगंज तथा अंगद सिंह निवासी भवानीपुर थाना अतरौलिया के साथ मिलकर अवैध तमंचों का निर्माण करता था। तैयार तमंचों को कारतूस सहित बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। इस मामले में थाना अतरौलिया पर मु0अ0सं0 65/26 धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। विवेचना उ0नि0 अनिल कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस टीम में उ0नि0 मायापति पाण्डेय, उ0नि0 उमेश चन्द, का0 राजकरन सोनकर और का0 सुशील चौधरी शामिल रहे। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शस्त्र निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh