वाहन की चकाचौंध लाइट से बाइक अनियंत्रित, 35 वर्षीय युवक की मौत
दीदारगंज -आजमगढ़ । दीदारगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा हुब्बीगंज बाजार के पश्चिम, पाइंदापुर गांव के पास हुआ। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के तिघरा गांव निवासी लक्ष्मीकांत (35) पुत्र स्व. मुंशीलाल शाहगंज बाजार में पीओपी का काम करते थे। बुधवार रात करीब 8 बजे वह काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पाइंदापुर के पास सामने से आ रही एक वाहन की तेज हेडलाइट से उनकी आंखें चौंधिया गईं, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बरगद के पेड़ से टकरा गई।
हादसे में लक्ष्मीकांत गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी पूजा भारती, माता शुशीला देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे चार पुत्रियां आयशा (9 वर्ष), आराध्या (6 वर्ष), अंशी (3 वर्ष) और अन्नू (1 वर्ष) छोड़ गए हैं। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।असमय हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलते ही दीदारगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया। बताया कि तहरीर के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।।





















































Leave a comment