Latest News / ताज़ातरीन खबरें

डीएम व एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी त्यौहारों को शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पीस कमेटी की बैठक हुई आयोजित

सुलतानपुर ।जिलाधिकारी कुमार हर्ष, पुलिस अधीक्षक चारू निगम की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी त्यौहार- महाशिवरात्रि, होली व ईद-उल-फितर को सकुशल, शांतिपूर्ण तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराये जाने हेतु नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। उक्त बैठक में समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, समस्त थानाध्यक्ष व पीस कमेटी के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) द्वारा आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत थानावार, तहसीलवार पीस कमेटी की बैठक की अद्यतन स्थिति तथा समस्त आधारभूत सुविधाओं जैसे- साफ सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था एवं लॉ एण्ड आर्डर आदि के दृष्टिगत विस्तृत चर्चा की गयी। 
          उक्त बैठक में थानावार आयोजित पीस कमेटी की बैठक में आये प्रमुख बिन्दुओं पर चर्चा की गयी। समस्त थानाध्यक्षों द्वारा अवगत कराया गया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराया जायेगा। इसी प्रकार विभागवार जैसे- अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका द्वारा शहर में साफ-सफाई व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के सम्बन्ध में अवगत कराया गया। उन्होंने समस्त होलिका दहन स्थलों आदि का चिन्हांकन कर साफ-सफाई व पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आश्वस्त किया गया। इसी प्रकार ग्रामीण अंचलों में जिला पंचायत राज अधिकारी को साफ-सफाई व शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हेतु ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार विद्युत आपूर्ति हेतु सभी होलिका दहन स्थलों, जुलूस मार्गों आदि पर खुले बिजली के तार को पहले से निरीक्षण कर चिन्हित करने तथा उन्हें सही करने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आबकारी विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, परिवहन विभाग द्वारा भी अपनी-अपनी तैयारियों के सम्बन्ध में अवगत कराया गया। पीस कमेटी के उपस्थित सदस्यों द्वारा भी साफ-सफाई, पेयजल, मार्गों का मरम्मतीकरण, विद्युत आपूर्ति हेतु प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।   
          पुलिस अधीक्षक महोदया ने पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी महोदय सहित सभी सम्मानित सदस्यों व सम्बन्धित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीस कमेटी की बैठक में सम्मानित सदस्यों द्वारा जिन बिंदुओं को चिन्हित किया गया है उन पर ससमय कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एसडीएम व पुलिस क्षेत्राधिकारियों द्वारा जुलूस मार्गों व स्थलों का संयुक्त निरीक्षण अवश्य कर लिया जाय तथा निरोधात्मक कार्यवाही को समय रहते सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने सभी सम्मानित सदस्यों से अपील की कि भ्रामक व अफवाह फैलाने वाली खबरों से बचें, कहीं कोई भी समस्या हो, तो सबसे पहले प्रशासन को अवगत कराएं, जिससे त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। 
        बैठक के अन्त में जिलाधिकारी द्वारा पीस कमेटी के सभी सम्मानित सदस्यों व उपस्थित अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बैठक में आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत सभी आधारभूत सुविधाओं से सम्बन्धित बिन्दुओं को चिन्हित किया गया है। उन्होंने पीस कमेटी के सदस्यों को आश्वस्त किया कि चिन्हित किये गये बिन्दुओं पर ससमय कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने आगामी महाशिवरात्रि के दृष्टिगत नगरक्षेत्र व ग्रामीण क्षेत्र में साफ-सफाई व पेयजल की आपूर्ति हेतु अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद व जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि समय से सभी कार्मिकों की ड्यूटी लगा दें तथा साफ-सफाई व पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करायें। 
        उन्होंने सभी जुलूस मार्गों, होलिका दहन स्थलों का सम्बन्धित एसडीएम व सीओ द्वारा संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिये। उन्होंने आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत आयोजित होने वाले मेले, होलिका दहन स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये। इसी प्रकार उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सा के दृष्टिगत सभी सीएचसी व पीएचसी पर सभी आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं से अपील की कि सभी धर्म समुदाय के लोग आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण वातावरण में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी त्यौहार को सकुशल सम्पन्न करायें। इस अवसर पर समस्त सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।    


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh