मीडिया ओलंपिक-3 का भव्य समापन,उपमुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं को किया सम्मानित
लखनऊ, 8 फरवरी 2026।मीडिया ओलंपिक के तीसरे संस्करण का भव्य समापन केडी सिंह बाबू स्टेडियम में उत्साह और ऊर्जा के माहौल में हुआ। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ पदक जीते, बल्कि खेलों के माध्यम से फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का मजबूत संदेश भी दिया। प्रतियोगिता में आशीष प्रजापति ने छह स्वर्ण पदक जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई, जबकि सीएस आजाद और राम बालक ने चार-चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
अंतिम दिन आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में मीडिया कर्मियों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फुटबॉल शूटआउट में महिलाओं में प्रिया पाण्डेय और पुरुषों में नावेद शिकोह की टीमों ने खिताब जीता। रस्साकसी में महिलाओं में प्रिया पाण्डेय और पुरुषों में रविंद्र शर्मा की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। शतरंज में सीएस आजाद विजेता बने, जबकि बैडमिंटन महिला एकल में पल्लवी श्रीवास्तव ने पहला स्थान प्राप्त किया।
मीडिया ओलंपिक संघ और ‘द इंडियन व्यू’ मासिक पत्रिका के तत्वावधान में आयोजित इस खेल महाकुंभ के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेताओं को पदक प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन की सराहना की। आयोजन सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि समारोह का संचालन अखंड प्रताप शाही ने किया। कार्यक्रम में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स उत्तर प्रदेश चैप्टर के चेयरमैन मुकेश बहादुर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार प्रद्युम्न तिवारी, सुरेश बहादुर सिंह, प्रेम कांत तिवारी, बृजेश सिंह, रत्नाकर सिंह, भारत सिंह, शाश्वत तिवारी, अशोक राजपूत, अविनाश शुक्ला, आशुतोष द्विवेदी, जितेश अवस्थी, अनंत मिश्रा, रविंद्र शर्मा, राम प्रकाश राय, पंकज चतुर्वेदी, विद्याशंकर राय, रंजीत कुमार और शोभित श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंतिम दिन की स्पर्धाओं में शतरंज में सीएस आजाद और जयदीप राय के समान चार-चार अंक रहे, लेकिन बेहतर टाईब्रेक स्कोर के आधार पर सीएस आजाद चैंपियन बने और जयदीप राय दूसरे स्थान पर रहे, जबकि देवेश ने तीसरा स्थान हासिल किया। एथलेटिक्स में अंडर-10 बालक 50 मीटर ग्रुप-ए में आदित्य कुमार शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता, कन्हैया लाल दूसरे और शुभ ठाकुर तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-15 बालक 50 मीटर में ईशान कश्यप, अंडर-15 बालिका 50 मीटर में अभिलाषा और अंडर-20 बालक 400 मीटर में नीलांश गुप्ता ने पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-20 में 400 मीटर दौड़ में आदर्श यादव दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बालिका वर्ग में आराध्या द्वितीय और प्राची यादव तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष 35 वर्ष से अधिक वर्ग में 200 और 400 मीटर दौड़ में आशीष प्रजापति विजेता बने। पुरुष अंडर-35 वर्ष 200 मीटर में राम बालक और पुरुष 50 वर्ष से अधिक 50 मीटर दौड़ में भारत सिंह ने पहला स्थान हासिल किया।
मीडिया ओलंपिक-3 ने खेल, फिटनेस और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हुए प्रतिभागियों और दर्शकों के बीच उत्साह और प्रेरणा का संदेश छोड़ दिया।


















































Leave a comment