25 वर्षों से जारी अखंड हरि कीर्तन महायज्ञ, 28 अगस्त को भव्य भंडारे के साथ होगा समापन
आजमगढ़/बिलरियागंज । नरोत्तम ब्रह्म बाबा भीमबर मंदिर के प्रांगण में पांच दिवसीय अखंड हरि कीर्तन महायज्ञ का आयोजन 23 अगस्त से किया जाएगा। धार्मिक आयोजन का समापन 28 अगस्त, पूर्णिमा के दिन होगा। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजन की जानकारी देते हुए नरोत्तम ब्रह्म अखंड हरि कीर्तन समिति के सदस्य मनोहर प्रजापति और राहुल पांडे ने बताया कि यह धार्मिक कार्यक्रम क्षेत्रवासियों के सहयोग से पिछले 25 वर्षों से अनवरत आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस महायज्ञ का प्रथम आयोजन वर्ष 2002 में हुआ था। तभी से यह धार्मिक परंपरा लगातार जारी है और भविष्य में भी इसे इसी तरह आयोजित किया जाता रहेगा।
अखंड हरि कीर्तन महायज्ञ में बिलरियागंज क्षेत्र के अलावा आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। गाजीपुर, बलिया, मऊ, जौनपुर और अंबेडकर नगर सहित विभिन्न जिलों से आने वाले भक्त संगीतमय कीर्तन के माध्यम से भगवान की आराधना करते हैं।
आयोजकों के अनुसार, पूरे पांच दिनों तक मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा। कीर्तन, भजन और धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। पूर्णिमा के दिन महायज्ञ के समापन के बाद आयोजित होने वाले भव्य भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की उम्मीद है।
समिति ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अखंड हरि कीर्तन महायज्ञ में सहभागी बनने और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।























































Leave a comment