Latest News / ताज़ातरीन खबरें

चूहा समझकर जेठानी ने खोला तो खुल गई पोल

उरई। उत्तर प्रदेश के उरई जिले में रिश्तों को हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कालपी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह एक महिला ने बक्से में चूहा होने के संदेह में उसे खोला तो अंदर से एक युवक निकल आया। बताया जा रहा है कि युवक महिला का प्रेमी है और वह कथित तौर पर तीन दिनों से बक्से में छिपकर रह रहा था। युवक को बक्से से बाहर निकलते देखकर महिला की जेठानी के होश उड़ गए। शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो हंगामा शुरू हो गया। बताया गया कि बुधवार सुबह जेठानी को बंद बक्से के अंदर चूहा होने का संदेह हुआ। चूहे को बाहर निकालने के लिए जैसे ही उसने बक्सा खोला, अंदर एक युवक छिपा मिला। युवक को बक्से से निकलते देखकर महिला चीख पड़ी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। परिवारवालों के मुताबिक, बक्से से मिला युवक कुठौंद थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। करीब तीन महीने पहले पत्नी से विवाद के बाद वह घर छोड़कर चला गया था। इसके बाद वह अपनी विधवा साली के संपर्क में आया और दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम-संबंध हो गए। परिवारवालों का दावा है कि युवक करीब तीन दिन पहले महिला के घर आया था। वह दिन के समय बक्से के अंदर छिपा रहता था और रात में बाहर निकलता था। इसी दौरान बुधवार को जेठानी ने बक्सा खोल दिया और पूरा मामला सामने आ गया। युवक के बक्से से निकलने के बाद परिवार के लोगों ने महिला और युवक के साथ मारपीट की। बाद में दोनों को गांव में घुमाए जाने की भी बात सामने आई है। घटना के कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मामले को लेकर गांव में दिनभर चर्चा होती रही। कालपी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कराई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जीजीएस न्यूज इसकी पुष्टि नहीं करता है। 

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh