छत के रास्ते घर में घुसे चोर, 70 हजार नकदी समेत लाखों के जेवरात पर किया हाथ साफ
देवरिया। सलेमपुर कोतवाली थानाक्षेत्र के ग्राम रजडीहा टोला धनपुरवा, पोस्ट मधवापुर में सोमवार-मंगलवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए 70 हजार रुपये नकद, लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और एक बक्सा लेकर फरार हो गए।
रजडीहा टोला धनपुरवा निवासी सुधाकर यादव पुत्र स्वर्गीय नथुनी यादव के अनुसार, परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में प्रवेश कर गए। चोर घर में रखा बक्सा उठा ले गए और कुछ दूरी पर स्थित खेत में ले जाकर उसे तोड़ दिया।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, बक्से में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद, लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, आधार कार्ड, एफडी सहित अन्य जरूरी दस्तावेज चोर निकाल ले गए। इसके बाद खाली बक्से को खेत में ही छोड़कर फरार हो गए।
सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। पीड़ित परिवार ने चोरी की सूचना सलेमपुर पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।























































Leave a comment