"जूते उतारकर कीचड़ में उतरे विधायक राजेश गौतम, बोले— अब नहीं सहेंगे जनता की पीड़ा"
कादीपुर (सुलतानपुर)। दोस्तपुर-कादीपुर (सरैया बाजार) मार्ग की वर्षों से चली आ रही बदहाली के खिलाफ मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम खुद सड़क पर उतर आए। जलभराव और कीचड़ से भरी सड़क देखकर उन्होंने जूते उतार दिए और पैदल कीचड़ में उतरकर मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई तथा कहा कि अब क्षेत्र की जनता को इस समस्या से और नहीं जूझने दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और प्रशासनिक टीम के सामने सड़क निर्माण में हुई देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वर्षों से लोग इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग और ठेकेदार की लापरवाही के कारण आज तक सड़क पूरी नहीं हो सकी।
विधायक ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का ठेका गांधी कंस्ट्रक्शन कंपनी के पास है, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते कार्य में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से फोन पर बात कर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से भी फोन पर जवाब तलब करते हुए याद दिलाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुलतानपुर दौरे के दौरान भी इस सड़क का मुद्दा उठाया गया था और निर्माण शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
राजेश गौतम ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह स्वयं सड़क पर धरने पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होगा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। लोगों ने बताया कि बरसात में सड़क पर चलना बेहद मुश्किल हो जाता है, दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और व्यापार भी प्रभावित होता है।
जानकारी के अनुसार, दोस्तपुर-कादीपुर मार्ग के निर्माण के लिए वर्ष 2018 में करीब 18.50 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी हुआ था, लेकिन लगभग आठ वर्ष बाद भी परियोजना अधूरी है। अब विधायक के सड़क पर उतरने के बाद लोगों की निगाहें प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।





















































Leave a comment