आजमगढ़: ड्यूटी में लापरवाही पर SSP सख्त, सिधारी थाने के उपनिरीक्षक निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
आजमगढ़। पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सिधारी में तैनात एक उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले में विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिधारी पर तैनात संबंधित उपनिरीक्षक के कार्यों की समीक्षा के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि संबंधित उपनिरीक्षक ने हिस्ट्रीशीटर की निगरानी में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई तथा उसके संबंध में जनरल डायरी (GD) और फ्लाईशीट में आवश्यक प्रविष्टियां भी नहीं कीं। इसके अलावा विभिन्न गंभीर मामलों में प्रभावी कार्रवाई न करना, मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब प्रस्तुत न करना तथा साइबर हेल्प डेस्क पर लंबित 30 से अधिक प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में लापरवाही बरतने के तथ्य भी सामने आए।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आचरण पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है। इसी आधार पर संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता, उदासीनता अथवा आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने दोहराया कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

















































Leave a comment