आजमगढ़: सोशल मीडिया पर असलहा लहराकर रील बनाने वाला कथित ‘9959 गैंग’ का सदस्य गिरफ्तार, पंप एक्शन गन और स्कॉर्पियो बरामद
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर अवैध असलहा लहराकर रील बनाकर दहशत फैलाने और कथित तौर पर “9959 गैंग” के नाम से अपना वर्चस्व स्थापित करने का प्रयास करने वाले एक आरोपी को कंधरापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पंप एक्शन गन, कारतूस और एक काली स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ वीडियो और रील बनाकर उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर रहे हैं तथा “9959 गैंग” के नाम का इस्तेमाल कर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
सूचना का संज्ञान लेते हुए थाना कंधरापुर पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की। जांच में गोलू यादव पुत्र दयाराम यादव, निवासी रघुनाथपुर थाना महराजगंज, तथा रामनगीना उर्फ नग्गू पुत्र नागेंद्र उर्फ फजीहत यादव, निवासी हरखुपुर थाना कंधरापुर, के नाम प्रकाश में आए।
10 जून 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ मड़या से सर्विस रोड होते हुए सेहदा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी रामनगीना उर्फ नग्गू अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध पंप एक्शन गन, कारतूस तथा एक काली स्कॉर्पियो बरामद की गई है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

















































Leave a comment