Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में चक्रवाती तूफान का कहर: बरदह-मार्टिनगंज में 40 बिजली पोल धराशायी, 8 हजार चूजों की मौत, दर्जनों गांव अंधेरे में

आजमगढ़। मंगलवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच आए चक्रवाती तूफान ने आजमगढ़ जिले में भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी और हल्की बारिश के चलते बरदह एवं मार्टिनगंज क्षेत्र के दर्जनों गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। तूफान के कारण विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे कई गांवों में अंधेरा छा गया।

तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि बरदह और मार्टिनगंज क्षेत्र में करीब 30 से 40 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। वहीं सैकड़ों पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। ग्रामीणों की मदद से गिरे हुए पेड़ों को हटाने का कार्य जारी है। कई स्थानों पर मकानों की सीमेंट से बनी मंडई भी उड़कर दूर जा गिरीं।

सबसे अधिक नुकसान कमलपुर ग्राम में हुआ, जहां तीन पोल्ट्री फार्म पूरी तरह तबाह हो गए। तेज तूफान के कारण फार्म में मौजूद करीब 8,000 मुर्गी के चूजों की मौत हो गई। इस हादसे से पोल्ट्री फार्म संचालकों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

स्थानीय लोगों के अनुसार उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इतना भीषण चक्रवाती तूफान देखा। अचानक आए तूफान से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि चक्रवाती तूफान के कारण करीब दो से तीन दर्जन ग्राम सभाएं बिजली के पोल और तार गिरने से प्रभावित हुई हैं। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं और कर्मचारी युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh