कुशीनगर में ऑनर किलिंग की सनसनी: पिता ने दो नाबालिग बेटों के साथ मिलकर दो बेटियों को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट एहतमाली देवनरायन टोला में कथित ऑनर किलिंग की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि चाल-चलन से नाराज पिता ने अपने दो नाबालिग बेटों के साथ मिलकर अपनी ही दो बेटियों की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक युवतियों की पहचान लाली निषाद (20 वर्ष) और शीला निषाद (18 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शव घर की एक कोठरी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बहनों के गांव के ही दो युवकों से संबंध थे। इस मामले में पिता रामप्रसाद निषाद पहले भी अलग-अलग समय पर तीन मुकदमे दर्ज करा चुके थे। पुलिस ने पूर्व में दोनों युवतियों को बरामद भी किया था, लेकिन वे संबंधित युवकों के संपर्क में बनी हुई थीं।
बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले पिता ने दोनों बेटियों से उनके मोबाइल फोन छीन लिए थे, जो कथित तौर पर संबंधित युवकों द्वारा दिए गए थे। इसके बाद से परिवार में लगातार तनाव और विवाद का माहौल बना हुआ था।
पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद के दौरान गुस्से में परिवार के सदस्यों ने दोनों युवतियों की डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मृतक युवतियों के भाई सूरज और नितीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी पिता रामप्रसाद निषाद की तलाश जारी है।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।


















































Leave a comment